नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम/तिलौथू। स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत राधा शांता महाविद्यालय के समीप एनएच-2सी पथ पर बुधवार देर शाम को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो साइकिल सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों साइकिल सवारों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान तिलौथू थाना क्षेत्र के चटनी बिगहा गांव निवासी रामसरेख राम तथा अमझोर थाना क्षेत्र के अमरा गांव निवासी रामरतन सिंह के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने डेहरी-तिलौथू मार्ग को पीएचसी के समीप जाम कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर लगातार तेज रफ्तार वाहनों का परिचालन होता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से दोषी वाहन की शीघ्र पहचान कर कार्रवाई करने तथा सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।