नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। मामला मदनपुर थाना क्षेत्र के नीमा आजन पंचायत के आजाद बिगहा गांव की है। मृतक की पहचान 43 वर्षीय सुनेश्वर भुइयां के रूप में हुई है। दरअसल, पति को प्रेम संबंध की जानकारी होने पर अफेयर का विरोध करता था। इसे लेकर कई बार उसके साथ मारपीट भी हुई थी। गुरुवार की रात महिला ने अपने प्रेमी और मामा के साथ मिलकर पति को मार डाला। आत्महत्या दिखाने के लिए शव को घर में साड़ी से फंदा बनाकर लटका दिया।
जानकारी के मुताबिक सुनेश्वर की 40 वर्षीय पत्नी रीता देवी का मुंशी बिगहा निवासी 45 वर्षीय अरविंद भुइयां से दो-तीन सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेमी पास के ही गांव में ही रहता था। गुरुवार की देर रात रीता देवी ने सुनेश्वर (पति) को फोन कर घर बुलाया। साथ में अरविंद (प्रेमी) का मामा सुरेश भुइयां भी था। रात में खाना खाने के बाद जब सब सो गए, तब तीनों ने मिलकर सुनेश्वर को घर से 100 मीटर दूर आम के पेड़ के पास ले जाकर मारपीट की, फिर गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को घर लाकर छत की नीचे लगी लकड़ी में साड़ी से लटका दिया। शुक्रवार की सुबह रीता देवी खुद रोने-चिल्लाने लगी। शोर सुनकर ग्रामीण जुटे। लोगों ने नीमा आजन पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सत्येंद्र सिंह एवं पैक्स अध्यक्ष राणा सिंह को सूचना दी। मदनपुर थाना की पुलिस को खबर दी गई।
सूचना मिलने पर मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंदन कुमार, थानाध्यक्ष राजेश कुमार, अपर थानाध्यक्ष गुफरान अली, पीएसआई रोहित कुमार, ऐश्वर्या प्रिया एवं सशस्त्र बल पहुंचे। जांच में पत्नी रीता देवी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। एफएसएल की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंदन कुमार ने बताया कि एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। मामले की छानबीन की जा रही हैं। कांड के आधार पर मामले में पुलिस कार्रवाई कर रही है।