नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज आसन्न बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 के दृष्टिगत प्रशिक्षण कोषांग, औरंगाबाद द्वारा नगर भवन, औरंगाबाद में पुलिस पदाधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें दाउदनगर एवं औरंगाबाद अनुमंडल के कुल 90 पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन संबंधी कार्यों एवं दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में वरीय प्रभारी पदाधिकारी सह अपर समाहर्त्ता उपेन्द्र पंडित ने उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अब हम लोग चुनाव के बेहद करीब पहुँच गए हैं। बीते दिनों से आप सभी सेक्टर पदाधिकारियों के साथ कार्य कर मतदान केंद्र संबंधित कार्यों का निष्पादन कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त कई पुलिस पदाधिकारी SST, VST, FST, VVT, AT आदि में भी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। आज के प्रशिक्षण में विशेष रूप से मतदान दिवस से संबंधित कार्यों की जानकारी प्रदान की जाएगी।
कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह वरीय उप समाहर्त्ता रितेश कुमार ने कहा कि किसी भी निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, भयमुक्त एवं पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न कराने में पुलिस पदाधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इसके लिए मतदान पूर्व, मतदान दिवस एवं मतदान उपरांत की प्रक्रियाओं की जानकारी रखना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि मतदान कार्य मतदान दिवस से दो दिन पूर्व प्रारंभ हो जाता है और पोलिंग पार्टी के साथ मतदान उपरांत सभी सामग्रियों को सुरक्षित जमा कराना पुलिस पदाधिकारियों की जिम्मेदारी होती है।
मुख्य मास्टर प्रशिक्षक राजकुमार प्रसाद गुप्ता ने उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों को मतदान प्रक्रिया, मॉक पोल, ईवीएम, वीवीपैट, विधि-व्यवस्था, मतदान दिवस पूर्व एवं उपरांत की कार्यवाहियों के बारे में विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया।
इस अवसर पर कोषांग के मास्टर प्रशिक्षक सैयद मोहम्मद दायम, कुंदन कुमार ठाकुर, अंकित कुमार, शशिधर सिंह, अमित भास्कर, अखिलेश शर्मा, श्रवण कुमार एवं राहुल कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।