नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। स्थानीय युवाओं को घर के पास ही रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भगवान प्रसाद शिवनाथ प्रसाद बीएड कॉलेज परिसर में एक रोजगार मेले का आयोजन किया गया। ओबरा विधायक और लोजपा (रामविलास) पिछड़ा-अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रकाश चंद्र की पहल पर आयोजित इस मेले में विभिन्न क्षेत्रों से आए हजारों युवाओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र ने दीप प्रज्वलित कर किया। मेले में 15 निजी कंपनियों ने शिरकत कर योग्य युवाओं का चयन किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ विजन के तहत यह कदम उठाया गया है, ताकि युवाओं को पलायन न करना पड़े। उन्होंने घोषणा की कि युवाओं के उत्साह को देखते हुए आगामी फरवरी महीने में एक बड़े मैदान में इससे भी भव्य रोजगार मेला लगाया जाएगा।
विधायक ने कहा कि सरकारें अपना काम करती रहेंगी, लेकिन जनसेवक के रूप में वे पहले की तरह जनता की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र में चिराग पासवान के सहयोग से सरकार चल रही है और बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम का संचालन प्रफुल्ल चंद्रा ने किया। रोजगार मेले के आयोजन एवं व्यवस्था में हैंड्स ऑफ प्रकाश चंद्रा के सदस्य चिंटू मिश्रा, प्रशांत इंद्र गुरु, मुकेश मिश्रा, झोंकी यादव, राव मनीष यादव, राजा कुमार, गोविंदा राज, लूटन, बिट्टू और सचिन समेत अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।