नवबिहार टाइम्स संवाददाता
हसपुरा (औरंगाबाद)। गोह थाना क्षेत्र के देवहरा स्थित पुनपुन नदी में बुधवार को डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। हालांकि देर शाम तक दोनों का शव बरामद नहीं हो सका था। मृतकों की पहचान दधपि गांव निवासी मोनू कुमार एवं धर्मवीर कुमार के रूप में की गई है।
बताया जाता है कि दोनों बच्चे अपने गांव से लक्ष्मी जी की मूर्ति लेकर पुनपुन नदी में विसर्जन करने गए थे। इसी दौरान अनियंत्रित होकर गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों के साथ परिजन मौके पर पहुंचे। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर, एनडीए प्रत्याशी डॉ. रणविजय कुमार के बड़े पुत्र कृष्ण कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से मिलकर सांत्वना व्यक्त की। उन्होंने दाउदनगर एसडीओ से बात कर एनडीआरएफ टीम को बुलाने का आग्रह किया, ताकि शवों की जल्द खोज की जा सके।
घटना की जानकारी मिलते ही गोह थानाध्यक्ष दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से शव की खोज में जुटे हैं। देर रात तक नदी में तलाशी अभियान जारी था।