जिलाधिकारी ने किया मध्य विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र, शोभेखाप का औचक निरीक्षण
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा बारुण प्रखंड अंतर्गत राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, शोभेखाप एवं आंगनबाड़ी केंद्र, शोभेखाप का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने विद्यालय में नामांकित छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों, कक्षा संचालन, मध्याह्न भोजन, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल तथा विद्यालय परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया।

जिलाधिकारी द्वारा विद्यालय के सभी शिक्षकों से परिचय प्राप्त किया गया तथा विद्यालय के सभी कक्षाओं का भ्रमण किया गया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में जाकर छात्र एवं छात्राओं से पढ़ाई-लिखाई को लेकर रूबरू होते हुए उनकी शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली।

जिलाधिकारी द्वारा विद्यार्थियों की कॉपियों की जांच की गई एवं पुस्तकों के माध्यम से पढ़ाकर उनकी समझ का आकलन किया गया। साथ ही छात्रों से विषयवार अध्ययन, पाठ्यक्रम की प्रगति एवं शिक्षण स्तर के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई तथा शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान लाभार्थियों की उपस्थिति, पोषण आहार वितरण, टीएचआर, टीकाकरण, पूर्व-प्राथमिक शिक्षा गतिविधियाँ एवं केंद्र की स्वच्छता व्यवस्था का अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी ने शिक्षकों एवं आंगनबाड़ी सेविका को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर पोषण एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के स्पष्ट निर्देश दिए।