नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर औरंगाबाद जिले के गोह प्रखंड अंतर्गत उदयपुरा में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आमजन, विशेषकर महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हर घर 9 आशीर्वाद के दीये जलाए। वहीं, हजारों दीपों को सामूहिक रूप से प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रमोद सिंह चंद्रवंशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सभा का भी आयोजन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए श्री प्रमोद सिंह चंद्रवंशी ने कहा कि श्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों का संवैधानिक दायित्व देशसेवा और जनसेवा को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश के आम नागरिकों के जीवन में आए बदलाव को लोग दीप प्रज्ज्वलित कर, मिठाइयां बांटकर और अपने भावनात्मक आशीर्वाद के माध्यम से व्यक्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “जिसने मुझे सँवारा है, आशीर्वाद उसे हमारा है” का संदेश आज पूरे बिहार में गूंज रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति जनभावना को व्यक्त करने के लिए भाजपा ओबीसी मोर्चा द्वारा बिहार के सभी जिलों, मंडलों, शक्ति केंद्रों एवं पिछड़े समाज के गांवों में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
श्री चंद्रवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछड़े, अति पिछड़े, किसान, महिला, युवा, दलित और समाज के अन्य वर्गों के लिए अनेक योजनाएं संचालित हुई हैं, जिससे करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं और उनके लाभ की जानकारी समाज के प्रत्येक घर तक पहुंचाने का कार्य भाजपा ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा पूरे बिहार में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत यह कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न स्तरों पर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान भाजपा ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ता जनसंपर्क के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएंगे।
श्री चंद्रवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस पर जलाए गए ये दीप देश की सेवा, विकास और जनकल्याण के प्रति जनता की शुभकामनाओं का प्रतीक हैं। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीन की कामना की।