रांची से नई दिल्ली साइकिल से जा रहे 16 एनसीसी कैडेट्स
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। राजधानी रांची के बिरसा मुंडा संग्रहालय स्मृति पार्क से शुरू हुई वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन में शामिल दो एनसीसी अधिकारी, दो कर्मचारी एवं 16 एनसीसी कैडेट्स साइकिल से नई दिल्ली जा रहे हैं। दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन सभी कैडेट्स से मुलाकात कर हौसला अफजाई करेंगे। रांची से नई दिल्ली तक लगभग 1300 किलोमीटर की दूरी तय करने के क्रम में बुधवार को सभी एनसीसी कैडेट्स का औरंगाबाद में 13 बिहार बटालियन एनसीसी औरंगाबाद के सीओ कर्नल प्रदीप कुमार तकशक के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया।

सीओ ने कहा कि 28 दिसंबर 2025 को रांची से प्रारंभ हुई यह वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन लगभग 20 दिनों में साइकिल से यात्रा करते हुए झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से होकर गुजरते हुए 16 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली पहुंचेगा। ये सभी कैडेट्स देशभर में एकता, अनुशासन और साहस का संदेश देंगे। साथ ही वीर बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और राष्ट्रभक्ति से लोगों को अवगत कराया जाएगा।

कर्नल अनिल कुमार ने बताया कि एनसीसी निदेशालय बिहार एवं झारखंड और एनसीसी ग्रुप मुख्यालय के नेतृत्व में आयोजित वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन केवल एक साइकिल यात्रा नहीं, बल्कि इतिहास, प्रेरणा और राष्ट्रसेवा से जुड़ा एक व्यापक अभियान है। ‘शौर्य के कदम, क्रांति की ओर’ थीम पर आधारित इस आयोजन का उद्देश्य महान जनजातीय नायक धरती आबा वीर बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर उनको सम्मान देना और युवाओं में देशभक्ति, एकता और सांस्कृतिक गौरव की भावना को मजबूत करना है।

मौके पर एनसीसी अधिकारी पी बी शर्मा, सिन्हा कॉलेज के प्रबंधक विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ भीम बहादुर सिंह, लेखापाल मनोज कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।