बेमौसम बारिश से खेतों में जलजमाव, दलहन और धान की फसल को नुकसान की आशंका, किसानों ने आंदोलन की दी चेतावनी
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। मोकामा और बड़हिया टाल क्षेत्र के किसानों पर प्राकृतिक आपदा की दोहरी मार पड़ रही है। पहले समुद्री तूफान ‘अर्णव’ के प्रभाव से रबी फसलों की बुआई करीब एक महीने विलंब से शुरू हुई और अब चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के असर से शनिवार एवं रविवार को हुई बारिश ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। लगातार बदलते मौसम के कारण खेतों में जलजमाव हो गया है, जिससे रबी फसलों की बुआई और पहले से लगी फसलों के बचाव पर संकट गहराने लगा है।
टाल क्षेत्र में दलहन की बुआई का काम अभी शुरू ही हुआ था। कई किसानों ने खेतों में बुआई कर दी थी, जबकि कुछ किसान तैयारी में जुटे थे। लेकिन दो दिनों की बारिश से खेतों में पानी भर गया। इससे पहले से बोए गए खेतों में फसल और नवांकुर पौधों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। वहीं, जिन खेतों में अभी बुआई नहीं हुई थी, वहां जलजमाव के कारण खेती का काम ठप पड़ गया है।
युवा किसान संजय कुमार सिंह, निवासी डाक बंगला, ने बताया कि मोकामा टाल के किसान काफी कठिनाइयों के बीच खेतों को आबाद करने में जुटे थे। करीब 20 प्रतिशत खेतों में बुआई भी हो चुकी थी, लेकिन बारिश ने किसानों की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है। अब खेतों के खाली रह जाने का खतरा मंडरा रहा है।
किसानों के अनुसार, खेतों में पानी जमा रहने से दलहन की फसल बर्बाद होने की आशंका है। वहीं, पटवन की व्यवस्था प्रभावित होने से गेहूं की बुआई भी मुश्किल हो सकती है। बुजुर्ग किसानों का कहना है कि करीब सौ साल पहले भी ऐसी प्राकृतिक आपदा के कारण टाल क्षेत्र में खेती नहीं हो पाई थी। इस वर्ष फिर वैसी ही स्थिति बनने की आशंका से किसान चिंतित हैं।
बारिश का असर धान उत्पादक किसानों पर भी पड़ा है। खेतों में तैयार धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। लगातार नमी और जलजमाव के कारण खड़ी फसल के सड़ने का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान हो सकता है।
इधर, मरांची, मोर, कन्हाईपुर, पंचमहला, सिखारिचक, हाथीदह और औंटा के किसानों ने टाल क्षेत्र में जलजमाव की समस्या के विरोध में सड़क पर उतरकर आंदोलन करने की घोषणा की है। किसानों के आंदोलन के ऐलान के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है।
टाल क्षेत्र में लगातार बारिश और जलनिकासी की समस्या ने किसानों के सामने खेती और आजीविका का गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। अब किसान जलजमाव से राहत और फसल बचाने के लिए प्रशासन से ठोस पहल की उम्मीद कर रहे हैं।