गया में जरासंध जयंती पर शोभायात्रा एवं सम्मान समारोह, शिक्षा, संगठन और सामाजिक सुधार पर दिया जोर
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार रविवार को गया जी टाउन अंतर्गत धर्मसभा भवन (पीर मंसूर) में मगध सम्राट महाराज जरासंध की जयंती पर आयोजित भव्य शोभायात्रा एवं सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने महाराज जरासंध को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके शौर्य, साहस और गौरवशाली इतिहास को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
अपने संबोधन में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि महाराज जरासंध भारतीय इतिहास एवं महाभारतकालीन परंपरा के महान पराक्रमी शासक थे। उनकी वीरता, संगठन शक्ति और गौरवशाली विरासत आज भी समाज को स्वाभिमान, एकता एवं राष्ट्रनिर्माण की प्रेरणा देती है। उनकी जयंती केवल इतिहास को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए संकल्प लेने का दिन है।
उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति शिक्षा, एकता, संगठन और सामाजिक जागरूकता में निहित होती है। अखिल भारतवर्षीय चंद्रवंशी क्षत्रिय महासभा की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए संगठन को गांव से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक मजबूत बनाने की जरूरत है। समाज के गरीब एवं मेधावी बच्चों को शिक्षा, युवाओं को रोजगार व कौशल विकास तथा महिलाओं को आत्मनिर्भरता एवं नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक प्रयास करना चाहिए।
डॉ. कुमार ने युवाओं से महाराज जरासंध के शौर्य से प्रेरणा लेकर शिक्षा, तकनीक, ज्ञान और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए दहेज प्रथा, भेदभाव और सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने तथा सामाजिक समरसता एवं भाईचारे को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि महाराज जरासंध का स्मरण तभी सार्थक होगा, जब उनके गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर समाज को शिक्षित, संगठित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प पूरा किया जाएगा। उन्होंने समाज के लोगों से ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और अधिकार के लिए संघर्ष करो’ के मंत्र को आत्मसात करने तथा महासभा को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
समारोह में जिला अध्यक्ष अभिषेक चन्द्रवंशी, वार्ड पार्षद दीपक चंद्रवंशी, डिंपल चन्द्रवंशी, रवि चन्द्रवंशी, अक्षय चंद्रवंशी, अनिल चन्द्रवंशी, उत्तम चन्द्रवंशी, बबलू चन्द्रवंशी, मुकेश रवानी, रौशन रवानी, दीपू चन्द्रवंशी, प्रेम कुमार, श्रीकांत चंद्रवंशी एवं सौम्या चन्द्रवंशी सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।