नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। शहर को बरसात के दौरान होने वाली जल जमाव की समस्या से शीघ्र ही मुक्ति मिल जाएगी। इस संबंध में स्थानीय विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने पहल की है। इस आधार पर नगर विकास विभाग ने जिलाधिकारी और औरंगाबाद नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र लिखकर शीघ्र ही योजना बनाने को कहा है और इससे संबंधित प्रस्ताव मांगा है।
उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा के चालू सत्र में विधायक श्री सिंह ने तारांकित प्रश्न के माध्यम से औरंगाबाद शहरी क्षेत्र में बरसात के दिनों में होने वाले जल जमाव की समस्या को दूर करने की मांग उठाई थी। इस मामले में शहरी विकास एवं आवास विभाग द्वारा समाधान की पहल की गई है। विभागीय अधिकारियों द्वारा प्रश्न के उत्तर में बताया गया है कि औरंगाबाद नगर परिषद क्षेत्र के दक्षिणी स्थित खरकनी पंचायत से सिंचाई हेतु नहर का अनुपयोग पानी एनएच 19 के अंडरपास के रास्ते शहर में प्रवेश करने से जल जमाव की समस्या हो जाती है।
उक्त आलोक में विभाग द्वारा औरंगाबाद की जिलाधिकारी को पत्र लिखकर निर्देश दिया गया है कि जल संसाधन विभाग से समन्वय स्थापित कर उक्त समस्या का स्थाई समाधान किया जाय। साथ ही नगर परिषद औरंगाबाद के कार्यपालक पदाधिकारी को भी विभाग द्वारा पत्र लिखकर शहरी क्षेत्र से जल निकासी से संबंधित योजना तैयार कर यथोचित कार्रवाई करने का निदेश दिया गया है।