भोजपुरी कलाकारों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, दीप प्रज्वलित कर एमएलसी निवेदिता सिंह ने किया महोत्सव का उद्घाटन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम/तिलौथू। रोहतास जिले के तिलौथू प्रखंड में कैमूर पहाड़ी की गोद में स्थित प्रसिद्ध मां तुतला भवानी धाम में बुधवार को मां तुतला भवानी महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव में भोजपुरी के नामचीन कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्ति गीतों की मधुर धुन और मां भवानी के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
महोत्सव का उद्घाटन विधान पार्षद निवेदिता सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक स्नेहलता कुशवाहा, जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज और डेहरी के अनुमंडल पदाधिकारी नीलेश कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां भवानी के भक्ति गीतों से हुई। कलाकारों ने अपनी सुरीली आवाज और आकर्षक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। एक के बाद एक भक्तिमय गीतों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। गीत-संगीत के माध्यम से मां तुतला भवानी की महिमा का गुणगान किया गया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तों में उत्साह और उमंग देखने को मिली।
मां तुतला भवानी धाम अपनी धार्मिक महत्ता और प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है। यहां दूर-दूर से श्रद्धालु मां के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। महोत्सव के दौरान भक्ति संगीत ने धाम के आध्यात्मिक वातावरण को और भी जीवंत बना दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भक्ति और आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कराई।
मां भवानी के जयकारों और भक्ति गीतों की गूंज के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह से कार्यक्रम का आनंद लेते रहे। महोत्सव में गीत-संगीत, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का सुंदर संगम देखने को मिला।