नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज लॉर्ड बुद्धा पब्लिक स्कूल के सिद्धार्थ सभागार में भव्य एवं सांस्कृतिक होली मिलन समारोह का आयोजन अत्यंत उत्साह एवं गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इसमें समूह के लर्निंग क्लाउड मोंटेसरी स्कूल, बुद्धा इंटरनेशनल स्कूल मेहंदिया के सारे सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ लॉर्ड बुद्धा शैक्षणिक विकास संगठन के चेयरमैन डाॅ. धन्नजय कुमार के प्रेरणादायी संबोधन से हुआ। इसके साथ शहर के अनेक गणमान्य व्यक्तिओं की भी उपस्थिति रही।
चेयरमैन ने अपने उद्बोधन भाषण में होली के पावन पर्व को प्रेम, सौहार्द, भाईचारे एवं सामाजिक समरसता का प्रतीक बताते हुए सभी सम्मानित शिक्षकगणों से सकारात्मक सोच एवं नैतिक मूल्यों को समाज में प्रसारित करने का आह्वान किया। साथ ही होलिका दहन के माध्यम से अहंकार, ईर्ष्या, द्वेष एवं समस्त नकारात्मक विचारों का त्याग कर उन्हें अग्नि में समर्पित करने तथा जीवन में नई ऊर्जा एवं सद्भाव के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

इस गरिमामय अवसर पर विद्यालय के प्रशासक ओम प्रकाश शर्मा, कोऑर्डिनेटर पवन कुमार सिंह, परिसर प्रबंधक गौतम कुमार, लर्निंग क्लाउड की प्राचार्या खुशबू राव एवं प्रशासिका काजल पाण्डेय सहित सभी सम्मानित शिक्षकगणों की गरिमामयी उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
सांस्कृतिक संध्या में सुप्रसिद्ध गायक आकाश तिवारी, सिंधु बिहारी तथा गायिका अन्नू पाण्डेय एवं अर्चना राज ने होली के पारंपरिक एवं लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बाँध दिया। वाद्य कलाकारों के सजीव संगीत ने कार्यक्रम को और भी उल्लासमय एवं रंगारंग बना दिया। समारोह रंगों, संगीत, हर्षोल्लास एवं आत्मीयता के मधुर संगम के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।