नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। भारतीय जनता पार्टी के नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा, बिहार प्रदेश भाजपा कार्य समिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद, अधिवक्ता संतोष ठाकुर, हीरा यादव तथा बबलू गुप्ता ने जगन्नाथपुरी में भगवान श्री जगन्नाथ जी का दर्शन किया। समुद्र तट पर स्थित इस पावन धाम में पहुंचकर सभी ने श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के दर्शन किए तथा देश और समाज की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि जगन्नाथपुरी धाम सनातन आस्था का एक महान केंद्र है, जहां आकर प्रत्येक श्रद्धालु को आध्यात्मिक शांति और ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना करते हुए कहा कि प्रभु की कृपा से देश में सुख, शांति, समृद्धि और आपसी भाईचारा बना रहे। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ समस्त जगत के नाथ हैं और उनकी कृपा से ही मानव जीवन में सकारात्मकता और कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है।
सभी लोगों ने मंदिर परिसर में भगवान के समक्ष शीश नवाकर देश की उन्नति, समाज में सद्भाव और जनकल्याण की कामना की। सभी श्रद्धालुओं ने कहा कि जगन्नाथपुरी धाम का दर्शन जीवन का एक अद्भुत और अविस्मरणीय अनुभव है, जो हर किसी को आध्यात्मिक रूप से समृद्ध करता है।