नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बिहार राज्य भारत स्काउट और गाइड, औरंगाबाद जिला के लगभग 400 स्काउट-गाइड चैती छठ मेला, देव में पूरी तत्परता और अनुशासन के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मेला क्षेत्र में थाना मोड़ से सूर्यकुंड तालाब तक मार्ग नियंत्रण का जिम्मा संभालते हुए स्काउट-गाइड श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारू बना रहे हैं।
सूर्य मंदिर परिसर में भी स्काउट-गाइड पूरी मुस्तैदी से तैनात हैं और मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की हर संभव सहायता कर रहे हैं। विशेष रूप से, वे मेले में बिछड़े लोगों को उनके परिजनों से मिलाने का कार्य कर रहे हैं, जिससे लोगों को काफी राहत मिल रही है।

गर्मी के कारण अस्वस्थ हुए श्रद्धालुओं को तत्काल मेडिकल सुविधा तक पहुंचाने में भी स्काउट-गाइड महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका समुचित उपचार किया जा रहा है।
इस सेवा कार्य को सफल बनाने में शत्रुंजय कुमार, लालू कुमार, शुभम कुमार, दीपक कुमार, रौशन कुमार, अभय कुमार, सुरेंद्र सिंह, मनोज कुमार एवं ज्वाला प्रकाश सहित कई स्वयंसेवकों का सराहनीय योगदान है।

वहीं, जिला संगठन आयुक्त स्काउट अरवल राजेश कुमार एवं अरविंद कुमार के मार्गदर्शन में कार्य संपादित हो रहा है, जबकि पूरे मेले का संचालन जिला संगठन आयुक्त स्काउट औरंगाबाद श्रीनिवास कुमार की देखरेख में किया जा रहा है।
इस मेले में औरंगाबाद जिले के अलावा अरवल, नवादा, लखीसराय एवं रोहतास जिलों के स्काउट-गाइड भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, जो सेवा, अनुशासन और समर्पण की मिसाल पेश कर रहे हैं।