तारेगना स्टेशन पर ट्रेन से उतरते ही वारदात, भीड़ में धक्का-मुक्की के दौरान उचक्कों ने बनाया निशाना
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। हरितालिका तीज को लेकर रविवार को मसौढ़ी बाजार में दिनभर भारी भीड़ उमड़ी रही। त्योहार की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं बाजार पहुंचीं। बाजार से लेकर रेलवे स्टेशन तक भीड़ का फायदा उठाकर उचक्के सक्रिय रहे। इसी दौरान तारेगना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतर रही एक महिला के गले से मंगलसूत्र और जितिया काट लिए जाने की घटना सामने आई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, नदवां निवासी सुषमा देवी तीज की खरीदारी करने के लिए मसौढ़ी आई थीं। खरीदारी के बाद जब वह ट्रेन से तारेगना रेलवे स्टेशन पहुंचीं और ट्रेन से उतर रही थीं, तभी भीड़ में धक्का-मुक्की के दौरान अज्ञात उचक्कों ने उनके गले से मंगलसूत्र और जितिया काट लिया। महिला को इसकी जानकारी कुछ देर बाद हुई। गले में मंगलसूत्र और जितिया नहीं मिलने पर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद स्टेशन पर हड़कंप मच गया।
पीड़िता सुषमा देवी ने बताया कि ट्रेन से उतरते समय काफी भीड़ थी। इसी दौरान कई लोगों के बीच धक्का-मुक्की हुई। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने उनके गले से मंगलसूत्र और जितिया काट लिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद महिलाएं और अन्य यात्री मौके पर जुट गए।
त्योहार को लेकर बाजार और रेलवे स्टेशन पर बढ़ी भीड़ के बीच हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने रेल पुलिस से तारेगना स्टेशन पर विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पर्व-त्योहार के दौरान महिलाओं की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में स्टेशन और बाजार में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती जरूरी है।