रामनवमी पर्व के मद्देनजर शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु बैठक आयोजित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभाकक्ष में आगामी रामनवमी पर्व के मद्देनजर विधि-व्यवस्था, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, जुलूसों के संचालन तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि रामनवमी के अवसर पर निकलने वाले सभी जुलूसों का शत-प्रतिशत लाइसेंसी होना अनिवार्य होगा। बिना अनुज्ञप्ति किसी भी प्रकार का जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जुलूस हेतु अनुज्ञप्ति निर्धारित शर्तों के साथ निर्गत की जाएगी तथा अनुज्ञप्ति में अंकित समय, मार्ग एवं अन्य शर्तों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। जुलूस के दौरान डीजे के उपयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा तथा किसी भी प्रकार का हथियार प्रदर्शन, तलवारबाजी अथवा शक्ति प्रदर्शन पूर्णतः वर्जित रहेगा। बिना प्रशासनिक अनुमति किसी भी प्रकार का सांस्कृतिक अथवा धार्मिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी जुलूसों के साथ दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी प्रतिनियुक्त रहेंगे। पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए ड्रोन कैमरा से निगरानी की जाएगी तथा सभी जुलूसों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
साथ ही विधि-व्यवस्था भंग करने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन के द्वारा डीजे एवं तलवार जप्त करने की कार्रवाई किया जा रहा है, ताकि रामनवमी के अवसर पर आपसी सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनी रहे।
जिला पदाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी, औरंगाबाद एवं दाउदनगर को निर्देश दिया कि जुलूस मार्ग का भौतिक सत्यापन करते हुए विगत वर्षों में उत्पन्न विवादों एवं संभावित संवेदनशील स्थलों की समीक्षा के उपरांत ही अनुज्ञप्ति निर्गत की जाए। जुलूस मार्ग को अवरोधमुक्त रखना सुनिश्चित किया जाए तथा मार्ग में पड़ने वाले मंदिर, मस्जिद एवं अन्य संवेदनशील स्थलों के समीप विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि जुलूस शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। संवेदनशील स्थलों पर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग कराने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह, अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अपर समाहर्ता (लोक शिकायत) जयप्रकाश नारायण, अपर समाहर्ता (विशेष शाखा) मोहम्मद सादुल हसन खां, अपर समाहर्ता (आपदा) उमेश पंडित, जिला पंचायती राज पदाधिकारी इफ्तेखार अहमद, अनुमंडल पदाधिकारी दाउदनगर अमित राजन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, वरीय उपसमाहर्ता बेबी प्रिया, जिला योजना पदाधिकारी अविनाश प्रकाश, निदेशक डीआरडीए अनुपम कुमार, सभी पुलिस उपाधीक्षक उपस्थित रहे। साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थानाध्यक्ष एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी बैठक से जुड़े रहे।