नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
खूंटी। आगामी छठ महापर्व और 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उलिहातू में राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर खूंटी पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं. गुरुवार को पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में आयोजित अपराध गोष्ठी में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और अपराध नियंत्रण की समीक्षा की गयी. इस दौरान सभी थाना प्रभारियों को कई आवश्यक निर्देश दिये गये.
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा. घाटों के आसपास खुले बिजली तारों की मरम्मत, महिलाओं के लिए सुरक्षित चेंजिंग रूम, स्थानीय गोताखोरों की तैनाती और बचाव कार्य के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षित पार्किंग और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया गया.
बैठक में अफीम की अवैध खेती और अवैध खनन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. एसपी ने लंबित मामलों का समयबद्ध अनुसंधान और निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा. सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर आवश्यक कदम उठाने का भी निर्देश दिया. एसपी ने मानव तस्करी की रोकथाम के लिए काम के सिलसिले में दूसरे राज्यों में जाने वाले युवक-युवतियों का पंचायतवार रिकॉर्ड रखने का निर्देश दिया. नाबालिगों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतने और एनडीपीएस मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने को कहा.
इसके अलावा थानों में जब्त और लावारिस पड़े वाहनों का नियमानुसार निस्तारण करने तथा जमानत पर बाहर आए मादक पदार्थों से जुड़े अभियुक्तों की निगरानी करने का निर्देश दिया. एसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों से जनसुरक्षा, अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और प्रभावी अभियोजन को प्राथमिकता देने को कहा. उन्होंने बैठक में दिये गये निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.