नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
कैमूर। पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर ने बुधवार को कैमूर पहुंचकर कलेक्ट्रेट स्थित मुंडेश्वरी सभागार में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले में एलपीजी गैस, पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता, मूल्य नियंत्रण, आपूर्ति व्यवस्था और प्रवासी श्रमिकों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान डीएम ने जानकारी दी कि जिले में प्रतिदिन औसतन 5788 एलपीजी सिलेंडरों की मांग के मुकाबले मात्र 4495 सिलेंडरों की आपूर्ति हो रही है। इस कमी के कारण करीब 3.6 दिनों का बैकलॉग बन गया है। मार्च माह में कुल 14,311 सिलेंडरों की कमी दर्ज की गई है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं पेट्रोलियम उत्पादों की स्थिति अपेक्षाकृत संतोषजनक पाई गई। जिले में कुल 68 रिटेल आउटलेट में से 58 संचालित हैं और सभी में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। किसी भी पेट्रोल पंप पर ड्राई आउट की स्थिति नहीं पाई गई।
आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए प्रशासन द्वारा सख्ती बरती जा रही है। डीएम के निर्देश पर गठित टीमों द्वारा एलपीजी एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर लगातार छापेमारी और जांच की जा रही है। अब तक 151 स्थानों पर निरीक्षण किया जा चुका है।
साथ ही, आम जनता की शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए जिला आपातकालीन संचालन केंद्र में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। 06189-222080 नंबर को सक्रिय किया गया है। 14 मार्च से 30 मार्च के बीच कुल 301 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 252 का सफल निष्पादन किया जा चुका है।
कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गैस आपूर्ति में कमी को जल्द से जल्द दूर किया जाए और आम लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।