नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने प्रदेशवासियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति समर्पित एक सशक्त विचारधारा है।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि पार्टी ने अपने स्थापना काल से ही “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र को अपनाते हुए देश के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। गरीब कल्याण, युवाओं के रोजगार, महिला सशक्तिकरण, किसानों की आय वृद्धि और डिजिटल इंडिया जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के वैचारिक आधार को मजबूत करने वाले नेताओं श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय को स्मरण करते हुए कहा कि उनके राष्ट्रवादी विचार और एकात्म मानववाद की अवधारणा आज भी पार्टी के मार्गदर्शक सिद्धांत हैं।
डॉ. प्रेम कुमार ने वरिष्ठ नेताओं अटल बिहारी वाजपेयी और लाल कृष्ण आडवाणी के योगदान को भी याद किया और कहा कि उनके आदर्श करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
उन्होंने बिहार में पार्टी कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में विकास, सुशासन और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में भाजपा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें।