युवाओं के उज्ज्वल भविष्य एवं केवाईपी की समृद्धि की कामना
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
वैशाली/पटना। केवाईपी वेल्फेयर सोसाइटी, वैशाली के तत्वावधान में मंगलवार को बाबा हरिहरनाथ मंदिर, सोनपुर में भगवान शिव का वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भव्य रुद्राभिषेक पूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर केवाईपी केंद्र संचालकों एवं उनके परिवारजनों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर राज्य के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, केवाईपी योजना की निरंतर प्रगति, सभी केंद्र संचालकों के कल्याण तथा प्रदेश में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

पूजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना की तथा सामूहिक महाआरती में भाग लिया। इसके उपरांत सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूरा मंदिर परिसर शिवभक्ति के जयघोष से गुंजायमान रहा।
केवाईपी वेल्फेयर सोसाइटी, वैशाली के अध्यक्ष डॉ. आनंद रंजन झा ने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से केवाईपी परिवार सदैव एकजुट रहे तथा कौशल विकास के माध्यम से बिहार के अधिकाधिक युवाओं को रोजगार एवं आत्मनिर्भरता के अवसर प्राप्त हों।

इस अवसर पर ई. रवि कुमार, चंदन कुमार, मनीष कुमार, धर्मेन्द्र कुमार, सुनील कुमार, प्रतीक कुमार, मिरेन्द्र प्रसाद, सुजीत कुमार सिंह, बृजेश कुमार सहित अनेक केवाईपी केंद्र संचालक, उनके परिवारजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक आरती, शिव वंदना एवं प्रसाद वितरण के साथ श्रद्धा एवं भक्तिभाव के वातावरण में संपन्न हुआ।