मंत्री ने किया 100 बेड वाले अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण छात्रावास का उद्घाटन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज औरंगाबाद में 100 बेड की क्षमता वाले अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण छात्रावास का उद्घाटन पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग मंत्री रमा निषाद द्वारा विधिवत रूप से किया गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने अन्य पिछड़ा वर्ग, महिलाओं, गरीबों एवं समाज के वंचित एवं हाशिए पर रह रहे वर्गों के उत्थान हेतु केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

मंत्री ने विशेष रूप से बालिका शिक्षा पर जोर देते हुए उपस्थित जनसमूह को अधिक से अधिक बेटियों को शिक्षा से जोड़ने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही सशक्त समाज का निर्माण करता है और छात्रावास जैसी सुविधाएं विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखती हैं।
उक्त कार्यक्रम में जिला प्रशासन के पदाधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे। कार्यक्रम में जिला कल्याण पदाधिकारी, औरंगाबाद, निदेशक, डीआरडीए, औरंगाबाद, अनुमंडल पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी, औरंगाबाद एवं दाउदनगर, सहित कई अधिकारीगण एवं जिला के कर्मी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन, औरंगाबाद द्वारा इस महत्वपूर्ण परियोजना के सफल क्रियान्वयन हेतु सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के योगदान की सराहना की गई।
यह छात्रावास क्षेत्र के छात्र-छात्राओं, विशेषकर अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित आवासीय सुविधा प्रदान करेगा, जिससे उनकी शैक्षणिक प्रगति को नई दिशा मिलेगी।