बलियापुर के रंगामाटी में ट्रक-स्कूटी की टक्कर के बाद हंगामा, क्षतिग्रस्त स्कूटी के बदले नई स्कूटी देने की मांग पर अड़े लोग
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। सड़क हादसे के बाद पुलिस को ही लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। मामला बलियापुर थाना क्षेत्र के रंगामाटी स्थित डीएवी स्कूल के पास का है, जहां ट्रक और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर में स्कूटी ट्रक के नीचे आकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, राहत की बात रही कि स्कूटी चालक सुरक्षित बच गया। हादसे की सूचना मिलने पर बलियापुर थाना के एसआई अनिल कुमार पुलिस गश्ती दल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का जायजा लेने के बाद उन्होंने दोनों वाहनों को थाने ले जाकर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही। लेकिन पुलिस की कानूनी प्रक्रिया पर ही कुछ लोग विरोध करने लगे।
लोगों की मांग थी कि क्षतिग्रस्त स्कूटी के बदले उन्हें नई स्कूटी दी जाए। एसआई अनिल कुमार लगातार लोगों को समझाते रहे कि दुर्घटना के मामले में पुलिस कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी। इसके बावजूद लोग अपनी मांग पर अड़े रहे और पुलिस की बात मानने को तैयार नहीं हुए। लगातार विरोध से परेशान एसआई अनिल कुमार का धैर्य जवाब दे गया। उन्होंने मौके पर ही अपनी वर्दी उतारनी शुरू कर दी और नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जब लोग कानून अपने हाथ में लेना चाहते हैं, तो वे ही कार्रवाई कर लें।

एसआई का यह कदम मौके पर चर्चा का विषय बन गया। घटना ने सड़क हादसों के बाद विवाद के समाधान को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुर्घटना में हुए नुकसान की भरपाई और मुआवजे का फैसला कानूनी प्रक्रिया के तहत होना चाहिए, न कि भीड़ के दबाव में।