देव सूर्य मंदिर आने का दिया न्योता
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर औरंगाबाद के भाजपा विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात पांच कालिदास मार्ग में संपन्न हुई, जहां दोनों नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में बातचीत हुई।
मुलाकात के दौरान विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को औरंगाबाद जिले के प्रसिद्ध एवं आस्था के प्रमुख केंद्र सूर्य मंदिर देव का प्रतीक चिन्ह स्मृति स्वरूप भेंट किया। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर की ऐतिहासिक, पौराणिक एवं सांस्कृतिक महत्ता से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
विधायक श्री सिंह ने मुख्यमंत्री से औरंगाबाद विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की तथा उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। उन्होंने देव सूर्य मंदिर में आयोजित होने वाले छठ महापर्व और अन्य धार्मिक आयोजनों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री को वहां पधारने हेतु औपचारिक आमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए समय की उपलब्धता के अनुसार देव सूर्य मंदिर आने की सहमति जताई। उन्होंने औरंगाबाद की सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार अत्यंत आवश्यक है।
राजनीतिक दृष्टिकोण से इस मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच सांस्कृतिक एवं राजनीतिक समन्वय को और मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है। स्थानीय कार्यकर्ताओं में इस मुलाकात को लेकर उत्साह का माहौल है और इसे क्षेत्र के विकास के लिए सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।