डीएम ने आँगनबाड़ी केन्द्र, चिल्हकी बिगहा (कोड संख्या-134) का किया औचक निरीक्षण
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा कुटुम्बा प्रखण्ड के अम्बा पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-08 का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने मोक्ष धाम योजना, आँगनबाड़ी केन्द्र सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या-08 स्थित आँगनबाड़ी केन्द्र की स्थिति की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि संबंधित आँगनबाड़ी केन्द्र को निकटवर्ती आँगनबाड़ी केन्द्र से संबद्ध करते हुए बच्चों को समुचित सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि पठन-पाठन एवं पोषण से जुड़ी सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें।

इसके उपरांत आँगनबाड़ी केन्द्र, चिल्हकी बिगहा (कोड संख्या-134) का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शौचालय की साफ-सफाई संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर जिला पदाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कर्मियों को नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि केन्द्र परिसर में पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। इस पर जिला पदाधिकारी ने उक्त भूमि पर पोषण वाटिका विकसित करने का निर्देश दिया, जिससे बच्चों एवं गर्भवती/धात्री महिलाओं को ताजा एवं पौष्टिक हरी सब्जियां उपलब्ध कराई जा सकें तथा पोषण स्तर में सुधार लाया जा सके।
तत्पश्चात् जिला पदाधिकारी द्वारा मोक्ष धाम स्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने संबंधित पेयजल की समुचित व्यवस्था करने, शौचालय, पहुँच पथ एवं अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने मोक्ष धाम योजना की महत्ता पर बल देते हुए निर्देश दिया कि जिले के प्रत्येक पंचायत में चरणबद्ध तरीके से मोक्ष धाम का निर्माण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मोक्ष धाम परिसर में शेड, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, पहुँच पथ, लकड़ी भंडारण (सौदागरी) सहित आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे यह स्थल स्वच्छ, व्यवस्थित एवं जनोपयोगी बन सके।
जिला प्रशासन द्वारा आमजनों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने हेतु नियमित रूप से निरीक्षण किया जा रहा है।