नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। नबीनगर प्रखंड के चंद्रगढ़ गांव स्थित कान्धदेव नारायण सिंह भिखारी बाबू एजुकेशनल ट्रस्ट के अंतर्गत स्थापित नवनिर्मित विद्यालय शांति विद्या निकेतन में आज से विधिवत कक्षाओं का शुभारंभ हो गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई, जिससे पूरे वातावरण में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
गौरतलब है कि विद्यालय भवन का उद्घाटन 10 फरवरी 2026 को ‘डॉल्फिन मैन ऑफ इंडिया’ के द्वारा किया गया था। उद्घाटन के बाद आज पहली बार शैक्षणिक गतिविधियों की औपचारिक शुरुआत हुई।

विद्यालय के संस्थापक पंकज कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था को लेकर अभिभावकों में चिंता बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए शांति विद्या निकेतन में गुणवत्तापूर्ण और संतुलित शिक्षा प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। यहां स्मार्ट क्लास, स्विमिंग पूल, स्मार्ट लाइब्रेरी और कंप्यूटर लैब जैसी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जो छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहायक होंगी।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य अतनु चक्रवर्ती, गौरेश्वर नारायण टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज के प्राचार्य दिलीप कुमार सिंह, जिला पार्षद हरेराम सहित संस्था के सभी कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।