नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। मसौढ़ी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सघन वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को चोरी की तीन बाइकों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों ने अपने अपराध को स्वीकार करते हुए बताया कि वे चोरी की बाइकों की खरीद-बिक्री करते थे।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम करीब चार बजे मसौढ़ी थाना क्षेत्र के खरांट मोड़ के पास विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पितवांस की ओर से बिना नंबर प्लेट के तीन बाइक सवार आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर तीनों भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया।
जांच के दौरान तीनों बाइकों के चोरी के होने की पुष्टि हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीतू कुमार (पिता संजय यादव, चपौर), गुड्डू कुमार (पिता देव कुमार, शांति नगर, जहानाबाद) और संतोष कुमार (पिता जोगेंद्र राय, खरांट) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक काले रंग की यामाहा आर15, एक उजले रंग की अपाचे और एक काले रंग की पल्सर बाइक बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी की बाइकों की खरीद-बिक्री का काम करते थे।
शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस की यह कार्रवाई बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।