लालच में ट्रैक्टर पर सवार हुए बच्चे हादसे का शिकार, चालक फरार
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जमुई। खैरा-आमीन मुख्य मार्ग पर बरियारपुर-मिल्की के पास रविवार को ईंट से लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर पर सवार पांच बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर मिर्चा की ओर से खैरा की तरफ ईंट अनलोड करने जा रहा था। मिल्की के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रैक्टर नाले में जा गिरा। घटना के समय ट्रैक्टर पर चालक सहित कुल छह लोग सवार थे।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरा पहुंचाया गया। घायलों की पहचान सोनू कुमार, खेसारी लाल और सुमन कुमार के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीन बच्चों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई रेफर कर दिया, जबकि दो अन्य बच्चों का इलाज निजी क्लीनिक में कराया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद दो घायल बच्चों को पहले चिमनी भट्ठे पर लाया गया, जहां से उन्हें अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य तीन को खैरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से रेफर किया गया।
घायल बच्चे के पिता पुत्तन कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि ईंट खाली करने जा रहा ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है, जिसके बाद वे तुरंत अस्पताल पहुंचे। वहीं घायल सुमन कुमार ने बताया कि वे सभी ट्रैक्टर पर ईंट खाली करने खैरा जा रहे थे, तभी अचानक हादसा हो गया।
घायल खेसारी लाल ने बताया कि चालक ने ईंट खाली करने के लिए उन्हें साथ चलने को कहा था और इसके बदले 250 रुपये देने की बात कही थी। इसी लालच में वे ट्रैक्टर पर सवार हो गए। सभी घायल बच्चे नाबालिग बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद खैरा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।