नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री अनुग्रह मध्य विद्यालय में विश्व पृथ्वी दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों ने पृथ्वी को स्वच्छ, साफ और हराभरा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाध्यापक उदय कुमार सिंह के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने इस वर्ष के थीम “आवर पावर, आवर प्लैनेट” पर आधारित विषय पर बच्चों से संवाद करते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझाया।

इस दौरान प्रारंभिक शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, शाहपुर एवं मगध बीएड कॉलेज के प्रशिक्षुओं ने अर्थ डे से संबंधित शिक्षक-अधिगम सामग्रियों (टीएलएम) का प्रदर्शन किया। इसमें वृक्षारोपण, जल संरक्षण तथा सौर ऊर्जा जैसे अक्षय ऊर्जा स्रोतों को अपनाकर पृथ्वी को सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया।
प्रधानाध्यापक उदय कुमार सिंह ने कहा कि आज पूरा विश्व पर्यावरणीय संकट के गंभीर दौर से गुजर रहा है, जो काफी हद तक मानवजनित है। इसे समझदारी और जिम्मेदारी के साथ दूर किया जा सकता है, ताकि पृथ्वी को फिर से समृद्ध और जीवन के अनुकूल बनाया जा सके।
संवाद एवं परिचर्चा के बाद “सेव अर्थ” के नारों के साथ बच्चों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं प्रशिक्षुओं ने शहर की सड़कों पर जागरूकता मार्च निकाला। मार्च के बाद विद्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।