नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
खूंटी। खूंटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुरहू थाना क्षेत्र अंतर्गत चाईबासा मुख्य मार्ग पर स्थित नील फैक्ट्री के पास छापेमारी कर तीन अफीम तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इनके पास से 980 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई है, जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।
खूंटी एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। सूचना थी कि बंदगांव की ओर से कुछ तस्कर अफीम लेकर खरीदारों को सप्लाई करने आने वाले हैं। इसी सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने नील फैक्ट्री के पास घेराबंदी की। मौके पर पुलिस को देखते ही तस्करों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर तीन अभियुक्तों को दबोच लिया।
पकड़े गए तस्करों की पहचान जगदीश डहंगा (प० सिंहभूम), जबार पूर्ति (प० सिंहभूम) और रैजीश केरकेट्टा (सिमडेगा) के रूप में हुई है। हालांकि, इनका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। अफीम के अलावा पुलिस ने तस्करों के पास से दो मोटरसाइकिल तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, ये तस्कर मोबाइल के जरिए ही खरीदारों से संपर्क साधते थे।
मुरहू थाना में आरोपियों के खिलाफ कांड संख्या 36/26 के तहत NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है ताकि इस अवैध धंधे की पूरी चेन को तोड़ा जा सके। एसपी ऋषभ गर्ग ने प्रेस कांफ्रेंस कर गिरफ्तारी का खुलासा करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस कार्रवाई जारी रहेगी।