नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पटना-गया-डोभी एनएच-22 पर दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने लघु सिंचाई विभाग के एक ठेकेदार पर लाठी से हमला कर उनसे 1 लाख 37 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात केवड़ा ओपी क्षेत्र के पोठही शिव मंदिर के समीप हुई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पीड़ित ठेकेदार पुरुषोत्तम कुमार, जो नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के वराय गांव के निवासी हैं तथा वर्तमान में पटना के 70 फीट इलाके में रहते हैं, ने बताया कि वह पुनपुन क्षेत्र में चल रहे लघु सिंचाई विभाग के कार्य का निरीक्षण करने तथा मजदूरों के भुगतान के लिए नकदी लेकर जा रहे थे। उनके पास जेब में 1 लाख 35 हजार रुपये तथा बैग में लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये रखे थे।
पीड़ित के अनुसार, जैसे ही वह पोठही शिव मंदिर के समीप पहुंचे, पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर जबरन रोक दिया। बाइक रुकते ही बदमाशों ने लाठी से हमला कर उन्हें सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद उनकी जेब से 1 लाख 37 हजार रुपये और मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।
घटना के दौरान सड़क से कुछ अन्य लोग बाइक से गुजरने लगे, जिससे बदमाश घबरा गए और जल्दबाजी में भाग निकले। इसी कारण बैग में रखे करीब 1 लाख 50 हजार रुपये सुरक्षित बच गए। घायल ठेकेदार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
केवड़ा ओपी थानाध्यक्ष सुबोध ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
दिनदहाड़े राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई इस लूट की घटना से स्थानीय लोगों और राहगीरों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से एनएच-22 पर गश्ती बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।