नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हजारीबाग। दनुआ घाटी में शनिवार की देर शाम भीषण सड़क दुर्घटना हुई। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक कार गहरी खाई में जा गिरी, जिससे कार सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, कार बिहार की ओर जा रही थी. इसी दौरान घाटी के घुमावदार रास्ते पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार असंतुलित होकर गहरी खाई में जा गिरी. दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े. कार में सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में दो पुरुष, एक महिला और दो छोटे बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं।
पुलिस अवर निरीक्षक रवि रंजन ने बताया कि 5 लोगों की मौत हुई है. कुछ लोग घायल भी हुए हैं. उनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है. घटना बेहद ही दर्दनाक है. शव पोस्टमार्टम के लिए बरही अनुमंडल अस्पताल भेजा गया है. घायलों का इलाज चल रहा है।
उन्होंने कहा कि मृतक की पहचान कर उनके परिजनों को इसकी सूचना दी जाएगी. घायलों के परिवार से संपर्क स्थापित किया जाएगा. सबसे पहले राहत का कार्य जरूरी है वह किया जा रहा है।