13 बिहार बटालियन के तत्वावधान में सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज में लगा है शिविर
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। एनसीसी औरंगाबाद की 13 बिहार बटालियन के तत्वावधान में सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज परिसर में 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ बुधवार को किया गया। यह शिविर 29 अप्रैल से 8 मई 2026 तक संचालित होगा।

शिविर का उद्घाटन 13 बिहार बटालियन के कैंप कमांडेंट कर्नल प्रदीप कुमार तक्षक ने किया। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर में औरंगाबाद के साथ-साथ रोहतास, गया, नालंदा, अरवल, भोजपुर एवं बक्सर जिलों के लगभग 500 एनसीसी कैडेट्स (छात्र एवं छात्राएं) भाग ले रहे हैं।
कर्नल तक्षक ने कैडेट्स को पूरे जोश, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र सेवा, एकता और अनुशासन की भावना को मजबूत करना है। एनसीसी का आदर्श वाक्य “एकता और अनुशासन” केवल शब्द नहीं, बल्कि जीवन का मूल मंत्र है।

शिविर के दौरान कैडेट्स को लाइव स्किल्स, डिजास्टर मैनेजमेंट, मैप रीडिंग, सामाजिक सहभागिता, हथियार संचालन सहित विभिन्न आवश्यक प्रशिक्षण दिए जाएंगे। विशेष रूप से फायरिंग का प्रशिक्षण भी कराया जाएगा, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को आगे आरडीसी और टीएससी जैसे प्रतिष्ठित कैंपों में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

इस प्रकार के प्रशिक्षण से कैडेट्स के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी। यह शिविर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ उन्हें भविष्य में सेना एवं अन्य प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए भी तैयार करेगा।
इस अवसर पर 13 बिहार बटालियन के एएनओ, पीआई स्टाफ एवं सिविलियन स्टाफ के सदस्य मौजूद रहे।