नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
डेहरी/तिलौथू। रोहतास जिले के डेहरी एवं तिलौथू क्षेत्र में सोनभद्र लायन्स क्लब डेहरी, तिलौथू द्वारा लायंस क्लब इंटरनेशनल के अंतर्गत लायंस आंख अस्पताल में दो दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर 25 एवं 26 अप्रैल को आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
यह स्वास्थ्य शिविर डॉ लाल पैथलैब के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसमें स्थानीय प्रतिनिधि शाहिद अनवर का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क परामर्श प्रदान किया गया तथा विभिन्न स्वास्थ्य जांचों पर विशेष छूट भी दी गई।
आंखों की जांच संजय प्रसाद द्वारा की गई, जबकि मरीजों की व्यवस्था एवं परामर्श हेतु डॉ. एस.पी. सिन्हा ने लाइन प्रबंधन एवं जांच कार्य को सुचारू रूप से संचालित किया।
शिविर में प्रमुख चिकित्सकों के रूप में डॉ. एस.पी. सिन्हा (जनरल फिजिशियन एवं स्किन स्पेशलिस्ट), डॉ. आई. हक (डीएनबी चेस्ट स्पेशलिस्ट), डॉ. नवनीत कुमार (हृदय रोग विशेषज्ञ) तथा डॉ. ए.ए. हाशमी (डेंटल सर्जन) ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
विशेष रूप से वेदांता अस्पताल से आए हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. नवनीत कुमार ने एक दिन का समय निकालकर लगभग 30 से 35 मरीजों का परीक्षण एवं परामर्श किया। वहीं पटना से पधारे डॉ. आई. हक ने भी अपनी विशेषज्ञ सेवाओं से मरीजों को लाभान्वित किया।
इस कार्यक्रम की सफलता में सचिव लायन सांवली सिन्हा की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके कुशल नेतृत्व एवं सतत देखरेख में यह दो दिवसीय शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। साथ ही पास्ट अध्यक्ष लायन इकबाल का भी सराहनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम में लायन्स क्लब के अन्य सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें लायन रत्ना सिन्हा (अध्यक्ष), लायन मनीष कुमार, लायन सुमन कुमार, लायन असलम अख्तर तथा लायन अनुराग सिन्हा सहित कई सदस्य शामिल रहे।
शिविर का समय प्रातः 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक रखा गया, जिससे भीषण गर्मी के बीच भी आमजन को सुविधाजनक समय पर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो सकीं।
यह आयोजन दर्शाता है कि रोहतास जिले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की अत्यधिक आवश्यकता है, और लायन्स आई हॉस्पिटल, तिलौथू इस दिशा में एक सशक्त विकल्प के रूप में उभर रहा है।
स्वस्थ समाज की दिशा में यह पहल निश्चित रूप से प्रेरणादायक मानी जा रही है।