नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रसारित 133वें “मन की बात” कार्यक्रम को किसान मोर्चा कार्यालय, बूथ संख्या 200 पर कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों के साथ उत्साहपूर्वक सुना गया। इस अवसर पर भाजपा नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री प्रत्येक माह “मन की बात” के माध्यम से देशवासियों को प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक एवं राष्ट्रहित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि इस बार प्रधानमंत्री ने भारतीय टेक्नोलॉजी, वैज्ञानिक उपलब्धियों तथा देश के नवाचारों पर विशेष प्रकाश डाला। प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत के वैज्ञानिक निरंतर नई-नई खोजों और तकनीकी विकास के माध्यम से देश को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने में जुटे हुए हैं।
कार्यक्रम में भगवान गौतम बुद्धा की जयंती के अवसर पर उनके शांति, करुणा और अहिंसा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भगवान बुद्ध के विचार आज भी समाज को नई दिशा देने में सक्षम हैं।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने नॉर्थ ईस्ट राज्यों के कारीगरों द्वारा लकड़ी से निर्मित सुंदर एवं आकर्षक हस्तशिल्प वस्तुओं की सराहना करते हुए “वोकल फॉर लोकल” को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत किया जा सकता है।
राष्ट्रीय डिजिटल जनगणना के विषय में भी विस्तार से जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी, योजनाओं का सही लाभ लोगों तक पहुंचेगा तथा प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
आगामी 9 मई को रविन्द्र नाथ टैगोर की जयंती के संबंध में भी प्रधानमंत्री ने उनके साहित्य, राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक योगदान को स्मरण किया।
डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने गया की पावन धरती से प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रेरणादायक संदेश राष्ट्र निर्माण में अत्यंत सहायक हैं। उन्होंने कहा कि “मन की बात” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों को जोड़ने वाला सशक्त माध्यम है।
मन की बात सुनने वालों में भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता, संतोष ठाकुर, गोपाल प्रसाद यादव, अभिषेक कुमार, शेखर कुमार, सत्येंद्र कुमार सिंह, अधिवक्ता महेश यादव तथा बबलू गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।