नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रस्तावित गया आगमन को लेकर विष्णुपद मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु वरीय पुलिस अधीक्षक, गया एवं नगर पुलिस अधीक्षक, गया ने अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ विष्णुपद मंदिर परिसर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियों का सूक्ष्मता से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के सभी पहलुओं की गहन समीक्षा की।
इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त एवं प्रभावी बनाए रखने का निर्देश दिया गया, ताकि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत किया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि सभी आयोजन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हों।