नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले में स्थित विक्रमशिला गंगा पुल का एक बड़ा हिस्सा सोमवार सुबह अचानक टूटकर गंगा नदी में गिर गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे के समय पुल पर यातायात बंद था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि पुल के पाया संख्या-133 के पास पिलर संख्या 4 और 5 के बीच लगभग 25 मीटर लंबा स्लैब टूटकर गिर गया। इससे भागलपुर जिला मुख्यालय और नवगछिया अनुमंडल के बीच सीधा संपर्क पूरी तरह से बाधित हो गया है।

घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी है और सभी प्रकार के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर दोनों तरफ पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग के रूप में लोगों को मुंगेर गंगा पुल के रास्ते आवागमन करने की सलाह दी है, जो सुल्तानगंज होकर गुजरता है।
बताया गया कि रविवार देर रात ही पुल के उक्त हिस्से में बड़ा गैप बनने की सूचना मिल गई थी। इसके बाद यातायात पुलिस की तत्परता से पुल को समय रहते खाली करा लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
घटना की सूचना राज्य सरकार को दे दी गई है। पथ निर्माण विभाग की इंजीनियर टीम मौके पर पहुंचकर जांच करेगी। वहीं पुल निर्माण निगम के अधिकारी भी घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं।
गौरतलब है कि वर्ष 2001 में शुरू हुआ यह पुल पूर्वी बिहार और सीमांचल को झारखंड से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई वर्षों से पुल की मरम्मत नहीं होने के कारण इस तरह की घटना की आशंका बनी हुई थी। अब इस हादसे के बाद क्षेत्र के लाखों लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।