नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रांची। छठ पूजा के बाद रांची रेलवे स्टेशन परिसर और स्टेशन रोड को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने स्टेशन के नॉर्थ और साउथ गेट के आसपास अवैध रूप से संचालित दुकानों और ठेलों को हटाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत 50 से अधिक दुकानों को हटाने की योजना है। डीआरएम ने इस संबंध में आरपीएफ को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
रांची रेलवे स्टेशन के दोनों प्रवेश द्वारों के आसपास बड़ी संख्या में ठेले, खोमचे और अस्थायी दुकानें लगायी गयी हैं। इनके कारण यात्रियों को स्टेशन परिसर में प्रवेश करने और बाहर निकलने में परेशानी होती है। रेलवे प्रशासन अब इन अतिक्रमणों को हटाकर स्टेशन के आसपास की व्यवस्था दुरुस्त करने की तैयारी में है। स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार के आसपास अवैध दुकानों के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। ट्रेन पकड़ने के लिए पहुंचने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है।
गौरतलब है कि रांची रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। रेलवे प्रशासन का मानना है कि स्टेशन परिसर और स्टेशन रोड को अतिक्रमण मुक्त कराने से यातायात व्यवस्था सुगम होगी और यात्रियों को आवागमन में राहत मिलेगी। छठ पूजा के बाद आरपीएफ की कार्रवाई के जरिए 50 से अधिक अवैध दुकानों और ठेलों को हटाने की योजना है।