नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। शिवसागर थाना क्षेत्र के गिरधरिया गांव में रविवार रात आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। अज्ञात हमलावरों द्वारा चाकू से किए गए हमले में दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय पप्पू सिंह के रूप में हुई है। वहीं उनके भाई वकील सिंह गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही शिवसागर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया।
बताया जा रहा है कि यह घटना पुरानी रंजिश का परिणाम है। नल के पानी और बिजली के तार को लेकर भुवनेश्वर तिवारी और नागेंद्र तिवारी के परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दो साल पहले भी इस मामले में केस दर्ज हुआ था, और 18 अप्रैल को भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी।
रविवार रात जब पप्पू सिंह और उनके भाई एक तिलक समारोह से लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए लोगों ने उन पर हमला कर दिया। चाकू से वार कर पप्पू सिंह की हत्या कर दी गई, जबकि उनके भाई को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और मामले की छानबीन जारी है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।