पंडितगंज गांव में चोरी, डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, लगातार वारदात से ग्रामीणों में दहशत
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। कादरीगंज थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पंडितगंज गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर की दीवार फांदकर लाखों रुपये के आभूषण और 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के समय घर के सभी सदस्य सो रहे थे। चोरी की घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
पीड़ित प्रमोद चौधरी, पिता नाथुन चौधरी, निवासी पंडितगंज, ने कादरीगंज थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि देर रात चोर सामने की दीवार फांदकर घर में घुसे और बक्से व ट्रंक में रखे कीमती सामान लेकर फरार हो गए। सुबह उठने पर सामान बिखरा मिला और बक्सा टूटा हुआ था। जांच करने पर आभूषण और नकदी गायब मिले।
चोरी गए सामानों में पांच जोड़ी पायल, एक बिछिया, चांदी का सिक्का, कान की बाली, चांदी का कड़ा और 20 हजार रुपये नकद शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कादरीगंज थानाध्यक्ष राहुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। इसके बाद डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। इधर, कादरीगंज थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। लोगों को आशंका है कि कब किसका घर चोरों के निशाने पर आ जाए। चोरी की इस घटना से पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है।