मौसी के घर जाने के दौरान ब्रह्मपुर के समीप हुआ हादसा, मृतक के पीछे पत्नी और तीन बच्चे
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
अरवल। औरंगाबाद जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र के मलहरा गांव से भोजपुर जिले के कोईलवर स्थित मौसी के घर जाने के दौरान ब्रह्मपुर के समीप सड़क हादसे में बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। हादसा दोपहर करीब दो बजे हुआ। मृतक की पहचान मलहरा गांव निवासी अकणु चौधरी के पुत्र धर्मेंद्र चौधरी के रूप में हुई है। उनकी मां सविता देवी घायल हैं।
परिजनों के अनुसार, धर्मेंद्र अपनी मां सविता देवी के साथ बाइक से मौसी के घर जा रहे थे। इसी दौरान भोजपुर जिले के ब्रह्मपुर के समीप उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में मां-बेटे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों एवं परिजनों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां धर्मेंद्र की मौत हो गई।
इस संबंध में सदर थानाध्यक्ष राज किशोर सिंह ने बताया कि सदर अस्पताल अरवल में पोस्टमार्टम कराने के बाद युवक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
बताया जाता है कि धर्मेंद्र की शादी आठ वर्ष पूर्व भोजपुर जिले के सहार टोला में हुई थी। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और एक बेटी हैं। युवक की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की खबर मिलते ही मलहरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।