नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पटना-गया नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को पुनपुन थाना क्षेत्र के अजय चौक के पास यात्रियों से भरे ऑटो और मैजिक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो पुनपुन की ओर जा रहा था। इसी दौरान अजय चौक के पास विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही मैजिक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और चालक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुनपुन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक चालक की पहचान परसा थाना क्षेत्र निवासी के रूप में हुई है, हालांकि विस्तृत पहचान की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। वहीं हादसे के बाद मैजिक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।