नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। ओबरा थाना क्षेत्र से चार वर्षीय मासूम के अपहरण मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बच्चे को सकुशल बरामद करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 16 मई 2026 को ओबरा थाना क्षेत्र स्थित देवी मंदिर परिसर से चार वर्षीय आदविक परासर, पिता सुधीर प्रसाद, निवासी सूर्य मंदिर रोड, ओबरा, के गुमशुदा होने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए ओबरा थाना में कांड संख्या-192/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और तत्काल जांच शुरू की गई।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक, औरंगाबाद द्वारा विशेष कार्रवाई शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज की जांच में पता चला कि एक अज्ञात महिला बच्चे को लेकर अनुग्रह नारायण रेलवे स्टेशन से ट्रेन के जरिए बाहर ले गई है।
इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक-सह-अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, दाउदनगर के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। साथ ही 15 अलग-अलग टीमों को गया, कोडरमा, गोमो, धनबाद और आसनसोल समेत विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर भेजा गया। सभी स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
जांच के दौरान गया जंक्शन पर महिला बच्चे के साथ दिखाई दी। इसके बाद पुलिस टीम ने महिला का पीछा किया। सीसीटीवी फुटेज में महिला को डेल्हा बस स्टैंड से खरखुरा रोड की ओर जाते देखा गया। आगे की जांच में पता चला कि महिला गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल के समीप स्थित एक किराए के मकान में गई है।
गया और औरंगाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने खरखुरा रोड स्थित मकान में छापेमारी कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। मौके से महिला को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार महिला की पहचान रंजू देवी के रूप में हुई है। उसने अपना वर्तमान पता डेल्हा थाना क्षेत्र के खरखुरा रोड, गया बताया है।
पुलिस ने अपहृत मासूम आदविक कुमार को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया है। वहीं गिरफ्तार महिला से अन्य मामलों में संभावित संलिप्तता को लेकर पूछताछ की जा रही है।