नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से सरेंडर करने का आदेश मिलने के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है। विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है, वहीं लालू परिवार ने भी सरकार और बीजेपी पर निशाना साधा है। इसी बीच पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने खुलकर आनंद मोहन का समर्थन किया है।पप्पू यादव ने कहा, “समझ ही नहीं आता कि यह कैसा कानून है। सत्ता इतनी घिनौनी हो चुकी है। आंख-मिचौली का खेल खेलते रहते हैं।”
पप्पू यादव ने कहा, “जेल मैनुअल में संशोधन पहले भी होता रहा है। आनंद मोहन को सजा काटते हुए 14 साल बीत गए। यह मर्डर नहीं था। कहीं से भी हत्या का इरादा नहीं था। भीड़ में एक घटना हुई, जहां आनंद मोहन मौजूद भी नहीं थे। पूरी दुनिया जानती है कि उनका इरादा हत्या करने का नहीं था। वो सांसद-विधायक रहे हैं। अब अगर प्रक्रिया पर ही सवाल उठ रहा है तो बीजेपी को इसका जवाब देना चाहिए।” पप्पू यादव ने आगे कहा कि सरकार हमेशा यूज एंड थ्रो करती है। जब जरूरत थी तब एमपी-एमएलए को लाए और अब जरूरत खत्म होने पर अपनी सुविधा के अनुसार कानून को ही रिफाइन कर दिया और चुप हो गए। सब सत्ता का खेल है कि किसे फंसाना है और किसे निकालना है।
बता दें कि आनंद मोहन मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने की थी। जी. कृष्णैया हत्याकांड में आनंद मोहन की रिहाई के खिलाफ याचिका दायर की गई थी, जिस पर करीब 4 महीने पहले ही सुनवाई पूरी हो गई थी, लेकिन फैसला सुरक्षित रखा गया था। गुरुवार को कोर्ट ने अपना फैसला सुनाया।