नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। चंदनकियारी प्रखंड अंतर्गत बरमसिया ओपी क्षेत्र के दुबेकांटा के समीप सड़क दुर्घटना में पिछले दिनों एक दंपत्ति की मौत हो गई थी। माता-पिता के असमय निधन के बाद उनके तीन छोटे बच्चे पल्लवी, विमल मांझी एवं विधुत मांझी के सामने जीवन का बड़ा संकट खड़ा हो गया।
इस घटना की जानकारी मिलने पर विधायक चंदनकियारी उमाकांत रजक, उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा, जिला परिवहन पदाधिकारी मारुति मिंज बुधवार को बच्चों के घर पहुंचे। सभी ने बच्चों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग एवं संरक्षण का भरोसा दिलाया।
मौके पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं पंचायत सेवक को निर्देश दिया कि बच्चों को खाद्यान्न अथवा अन्य मूलभूत जरूरतों में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, माता-पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र, बच्चों का स्थानीय निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों का त्वरित निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने उपस्थित अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देशित किया कि किसी गैर सरकारी संस्था (एनजीओ) को चिन्हित कर बच्चों की काउंसलिंग, मानसिक स्वास्थ्य देखभाल, पठन-पाठन के लिए कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय एवं जवाहर नवोदय तेनुघाट/आवासीय विद्यालय नावाडीह में नामांकन, सुरक्षा एवं समग्र कल्याण को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर समर्पित करें।
उधर, विधायक चंदनकियारी एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने दुबेकांटा के समीप दुर्घटना स्थल का भी निरीक्षण किया। उपायुक्त ने डीटीओ व उनकी टीम को निर्देश दिया कि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति रोकने हेतु सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत किया जाए।