नवबिहार टाइम्स संवाददाता
शेरघाटी। प्रखंड क्षेत्र की चिताबकला पंचायत में पैक्स चुनाव के दौरान मतदान केंद्र पर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद कुछ समय के लिए मतदान केंद्र पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित कर मतदान प्रक्रिया को पुनः सुचारू कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मतदान केंद्र पर मतदाता कतार में खड़े होकर अपने मतदान की बारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान कथित हेराफेरी को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना में रणविजय प्रसाद यादव, उनके पुत्र पुरुषोत्तम कुमार तथा मौजमा गांव निवासी अभय कुमार घायल हो गए।
घायलों को तत्काल इलाज के लिए शेरघाटी अनुमंडल अस्पताल भेजा गया, जहां रणविजय प्रसाद यादव का उपचार जारी है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि मतदान केंद्र पर तनाव की सूचना पहले ही प्रशासन को दी गई थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण स्थिति बिगड़ गई।
घटना की जानकारी मिलने पर शेरघाटी अनुमंडल पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है तथा मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए मतदान केंद्र पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने मतदाताओं से शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।