सब्जी मंडी को नए निर्धारित स्थल पर स्थानांतरित करने हेतु सब्जी विक्रेताओं के साथ बैठक आयोजित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निदेशानुसार सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर में सब्जी मंडी को निर्धारित नए स्थल (फार्म परिसर के समीप) स्थानांतरित करने के संबंध में सब्जी विक्रेताओं के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा उपस्थित सब्जी विक्रेताओं को अवगत कराया गया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, आम नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थित बाजार संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सब्जी मंडी को नए निर्धारित स्थल पर संचालित किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक आधारभूत व्यवस्थाएं यथा बिजली, पानी भी सुनिश्चित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में केवल चार से पांच सब्जी विक्रेताओं द्वारा नए स्थल पर अपना व्यवसाय स्थानांतरित किया गया है, जबकि शेष विक्रेताओं को भी शीघ्र स्थानांतरण हेतु प्रेरित किया गया। बैठक के दौरान सब्जी विक्रेताओं द्वारा स्थानांतरण की प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए प्रशासन से एक सप्ताह का अतिरिक्त समय उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।
अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा विक्रेताओं के अनुरोध पर एक सप्ताह का समय प्रदान करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित अवधि के भीतर सभी विक्रेता नए सब्जी मंडी स्थल पर स्थानांतरित हो जाएं। इसके उपरांत यदि कोई विक्रेता प्रशासनिक निर्देशों की अवहेलना करते हुए पुराने स्थल पर अनधिकृत रूप से व्यवसाय संचालित करता पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं एवं अन्य प्रासंगिक विधिक प्रावधानों के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, औरंगाबाद द्वारा नए स्थल पर स्थानांतरण सुनिश्चित करने हेतु संबंधित सब्जी विक्रेताओं को प्रथम नोटिस निर्गत किया जा चुका है तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनुपालन सुनिश्चित कराये जाने का निर्देश भी दिया गया है।
उन्होंने सभी सब्जी विक्रेताओं से प्रशासन का सहयोग करने तथा नए मंडी स्थल को व्यवस्थित एवं सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
बैठक में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं सब्जी विक्रेता उपस्थित रहे।