रांची से मुजफ्फरपुर जा रही थी खेप, पिकअप समेत सप्लायर गिरफ्तार
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर कानून को चुनौती देने की कोशिश कर रहे हैं। इसी कड़ी में उत्पाद विभाग की टीम ने गुरुवार देर रात पटना-गया राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वैन से करीब 10 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की है। शराब की खेप को सब्जी के कैरेटों के नीचे छिपाकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था।
उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड के रांची से भारी मात्रा में विदेशी शराब लेकर एक पिकअप वैन मुजफ्फरपुर की ओर जा रही है। सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग ने विशेष टीम गठित कर पटना-गया एनएच पर नदौल मद्य निषेध चौकी के पास घेराबंदी की।
जांच के दौरान संदिग्ध पिकअप वैन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वाहन लेकर भागने लगा। इसके बाद उत्पाद विभाग की टीम ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर पिकअप में रखे सब्जी के कैरेटों के नीचे छिपाकर रखी गई 107 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई।
कार्रवाई के दौरान छपरा जिले के राजपुर निवासी ललेश कुमार भारती को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से शराब लदी पिकअप वैन भी जब्त कर ली गई है।
उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने बताया कि बरामद शराब विभिन्न ब्रांडों की है और उसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपये है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शराब की खेप रांची से लाई जा रही थी और मुजफ्फरपुर में इसकी डिलीवरी की जानी थी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और शराब की आपूर्ति का नेटवर्क कितना बड़ा है। विभाग पूरे सिंडिकेट की जांच में जुट गया है।
उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि लगातार सूचना मिल रही थी कि इस मार्ग का इस्तेमाल शराब तस्करी के लिए किया जा रहा है। ताजा कार्रवाई से तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
इस छापेमारी अभियान में उत्पाद निरीक्षक सरीता कुमारी, अवर निरीक्षक बसंत राज, एएसआई कौशल कुमार, एएसआई सतीश कुमार निराला समेत उत्पाद विभाग और पुलिस बल के जवान शामिल थे।
उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।