नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। रोहतास जिले के अमझोर थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़रिया गांव के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार डेहरी-नौहट्टा एनएच-119 पर पड़रिया गांव के पास खेलते समय मासूम अनुराग शर्मा (2 वर्ष), पिता अजीत कुमार शर्मा, अचानक अपनी मां का हाथ छुड़ाकर सड़क की ओर दौड़ पड़ा। इसी दौरान डेहरी से रोहतास की ओर जा रहा मिक्सचर मशीन लगा एक ट्रक की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अमझोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेजा गया।
बताया जाता है कि मृतक के पिता अजीत कुमार शर्मा पेशे से चालक हैं। परिवार में पत्नी चंदा कुमारी और एक छोटी बेटी है, जिसकी उम्र लगभग एक वर्ष है। ग्रामीणों के अनुसार अजीत कुमार अपने एक बड़े पुत्र को भी पहले खो चुके हैं, जिसकी जन्म के कुछ माह बाद बीमारी से मृत्यु हो गई थी। ऐसे में दूसरे बेटे की असमय मौत ने परिवार को पूरी तरह झकझोर दिया है।
पोस्टमार्टम के बाद जब मासूम अनुराग का शव घर पहुंचा तो मां सहित पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। यह दृश्य देखकर गांव के लोगों की भी आंखें नम हो गईं। गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
यह हादसा एक बार फिर सड़क किनारे बच्चों की सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान सतर्कता की आवश्यकता की याद दिलाता है।