नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। धनरूआ थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक सब्जी कारोबारी को गोली मारकर घायल कर दिया और उसके गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, अरवल जिले के किंजर थाना क्षेत्र अंतर्गत पोठिया गांव निवासी 30 वर्षीय गोप कुमार, पिता राजकुमार यादव, अपने टेंपो चालक प्रहलाद के साथ पटना सब्जी बेचने जा रहे थे। इसी दौरान दरधा पुल के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया।
बदमाशों ने हथियार के बल पर गोप कुमार के गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर एक अपराधी ने उनके दाहिने पैर में गोली मार दी। गोली लगने से घायल होने के बाद बदमाश चेन लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही धनरूआ पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कारोबारी को इलाज के लिए धनरूआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें पटना रेफर कर दिया।
मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ कन्हैया कुमार ने बताया कि पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पटना-गया स्टेट हाईवे पर दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि सड़क पर सफर करना असुरक्षित होता जा रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।